19 अक्टूबर 2014 - 18:16
 तकफ़ीरी आतंकवाद पूरी दुनिया के लिए ख़तरा है

इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने तकफ़ीरी और आतंकी गुटों को विश्व की सुरक्षा के लिए गंभीर ख़तरा बताया है।

इराक़ के प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने तकफ़ीरी और आतंकी गुटों को विश्व की सुरक्षा के लिए गंभीर ख़तरा बताया है।
इराक़ की सरकारी समाचार एजेन्सी के अनुसार प्रधानमंत्री हैदर अलएबादी ने शनिवार की रात बग़दाद में आस्ट्रेलिया के विदेशमंत्री जूली बिशप से भेंट में कहा कि विश्व समुदाय को चाहिए कि वह आतंकवाद से मुक़ाबले के लिए इराक़ का समर्थन करे। इराक़ी प्रधानमंत्री ने कहा कि इराक़, वर्तमान समय में आतंकवादियों से संघर्ष में व्यस्त है और उसे इस संबंध में सैन्य प्रशिक्षण, हथियारों और अनुभवों की आवश्यकता है। उन्होंने आतंकी गुट आईएसआईएल से मुक़ाबले में इराक़ी सुरक्षा बलों की सफलताओं की ओर संकेत करते हुए कहा कि तकफ़ीरी और आतंकी गुट, अंतर्राष्ट्रीय शांति और सुरक्षा को ख़तरे में डाल रहा है।
इस भेंटवार्ता में आस्ट्रेलिया के विदेशमंत्री ने देश के गृहमंत्री और रक्षा मंत्री के चयन पर प्रधानमंत्री को बधाई देते हुए कहा कि आईएसआईएल से संघर्ष में आस्ट्रेलिया, बग़दाद सरकार का भरपूर समर्थन करता है। आस्ट्रेलिया के विदेशमंत्री ने इसी प्रकार अपने इराक़ी समकक्ष से भेंट में कहा कि आस्ट्रेलिया का इराक़ में अपनी थल सेना भेजने का कोई इरादा नहीं है और वह केवल आतंकवाद से संघर्ष के लिए सैनिकों के प्रशिक्षण हेतु अपने विशेषज्ञ भेजेगा।